यूपी में खुशखबरी! बनेंगे 35 रोड, फ्लाईओवर और बाईपास, इन जिलों की सड़कें होंगी चौड़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति ने 35 महत्वपूर्ण सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं में पैसेंजर कार यूनिट (PCU) से जुड़े मानकों में छूट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

कई जिलों में बनेंगे बाईपास

स्वीकृत परियोजनाओं में आगरा, अंबेडकरनगर, बुलंदशहर, देवरिया, एटा, फतेहपुर, उरई और रामपुर में बाईपास निर्माण के प्रस्ताव शामिल हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।

इन जिलों की सड़कें होंगी बेहतर

यूपी के अलीगढ़, चंदौली, गोरखपुर, मुरादाबाद, अमेठी, चित्रकूट, उन्नाव, अयोध्या, हापुड़, मिर्जापुर, प्रयागराज और फतेहपुर में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नए मार्गों से जुड़े कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी PCU मानकों में छूट को मंजूरी दी गई है।

समय पर काम पूरा करने के निर्देश

बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने पर जोर दिया। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में सड़क कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment