यूपी में बसेंगे दो नए हाईटेक शहर, लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। लखनऊ और आसपास के इलाकों में जमीन या घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की दो महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं वरुण विहार और नैमिष नगर की शुरुआत 24 सितंबर 2026 से होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ योजना के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले प्लॉटों की बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू होगी।

वरुण विहार बनेगा बड़ा नया आवासीय क्षेत्र

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और मोहान रोड के आसपास करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में वरुण विहार योजना विकसित की जा रही है। इसमें कुल 25 सेक्टर बनाए जाने की योजना है। यहां 15 हजार से अधिक आवासीय प्लॉट विकसित किए जाएंगे। योजना में करीब 980 एकड़ क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट, पार्क और जल निकायों के लिए रखा जाएगा।

इस परियोजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, लॉजिस्टिक्स पार्क और अंडरग्राउंड केबल जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं। एक्सप्रेसवे, किसान पथ और आउटर रिंग रोड से जुड़ाव के कारण इस इलाके में आवागमन भी आसान होने की उम्मीद है।

नैमिष नगर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

सीतापुर रोड के आसपास करीब 3,681 एकड़ में नैमिष नगर योजना विकसित की जाएगी। इसे लखनऊ के उत्तरी हिस्से के एक नए आवासीय और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यहां चौड़ी सड़कें, पार्क, ग्रीन बेल्ट, स्कूल, अस्पताल और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके साथ ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। LDA के मुताबिक, भविष्य में इस योजना से करीब 3 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिल सकती है। योजना के लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों में करीब 1,486 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है।

पांच नए अपार्टमेंट का भी शिलान्यास

इन दोनों बड़ी योजनाओं के अलावा शहर में पांच अन्य आवासीय परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। इनमें बसंतकुंज का पार्क व्यू, गोमती नगर का लेक व्यू, शारदा नगर विस्तार का वागेश्वरी, अनंत नगर का अदिति और मिल रोड ऐशबाग का ऐशबाग स्क्वायर शामिल हैं। इन परियोजनाओं से भी बड़ी संख्या में लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।

आज से शुरू होगी प्लॉट बुकिंग

एलडीए की इन योजनाओं में अलग-अलग आकार के करीब 5,000 प्लॉट उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है। इच्छुक लोग 24 सितंबर से एलडीए के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। प्लॉटों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी व्यवस्था के जरिए किए जाने की योजना है। ऐसे में लखनऊ में जमीन खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह परियोजनाएं अहम मानी जा रही हैं।

0 comments:

Post a Comment