केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, केंद्र सरकार ने लिया बड़ा फैसला

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए सितंबर महीने को लेकर बड़ी राहत की खबर है। प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने सितंबर 2026 के वेतन, मजदूरी और पेंशन का भुगतान तय समय से पहले करने की अनुमति दी है। इसके तहत कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के खाते में 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को राशि भेजी जा सकती है।

वित्त मंत्रालय के तहत कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (CGA) की ओर से 23 सितंबर को जारी निर्देश में कहा गया है कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में केंद्र सरकार के सभी विभागों, जिनमें रक्षा, डाक और दूरसंचार भी शामिल हैं, सितंबर का वेतन 25 सितंबर को जारी कर सकते हैं। औद्योगिक कर्मचारियों की मजदूरी भी इसी दिन पहले जारी की जा सकती है।

पेंशनभोगियों को भी मिलेगा लाभ

केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों के लिए भी सितंबर की पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को किया जा सकता है। हालांकि, भुगतान की प्रक्रिया संबंधित बैंक और पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) के स्तर पर होगी।

27 सितंबर को खुले रहेंगे सरकारी बैंक

प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए पब्लिक सेक्टर बैंकों और रीजनल रूरल बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से काम करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य हड़ताल के दौरान बैंकिंग लेन-देन पर पड़ने वाले संभावित असर को कम करना है।

0 comments:

Post a Comment