केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 5 दिन पहले ही मिल जाएगी सैलरी

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन अब 25 सितंबर 2026 को ही जारी की जाएगी। यानी इस बार कर्मचारियों और पेंशनर्स को सामान्य समय से करीब 5 दिन पहले भुगतान मिल जाएगा। यह व्यवस्था बैंकिंग कामकाज में आने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए की गई है।

लेखा महानियंत्रक (CGA) कार्यालय की ओर से 23 सितंबर को जारी सूचना के मुताबिक सितंबर का वेतन 25 सितंबर को जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हड़ताल और उसके आसपास छुट्टियों के कारण महीने के आखिर में वेतन-पेंशन भुगतान प्रभावित होने की आशंका थी।

इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

इस फैसले का लाभ केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा रक्षा, डाक और दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों को भी मिलेगा। केंद्र सरकार के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों की मजदूरी भी निर्धारित तारीख पर जारी की जा सकेगी। इसके साथ ही केंद्रीय पेंशनर्स को भी सितंबर की पेंशन 25 सितंबर को ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

क्यों लिया गया फैसला?

सितंबर का सामान्य भुगतान महीने के अंतिम कार्यदिवस के आसपास होता है। इस बार 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में भुगतान प्रक्रिया में रुकावट न आए, इसलिए सरकार ने पहले ही वेतन और पेंशन जारी करने का निर्णय लिया है। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को महीने के अंत में पैसों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

0 comments:

Post a Comment