बिहार सरकार का फैसला, 2.5 लाख परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में गरीब परिवारों के घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने बताया कि अक्टूबर तक प्रदेश के करीब 2.5 लाख बीपीएल परिवारों की छत पर सोलर प्लांट लगाए जाने का लक्ष्य है।

कृषि फीडरों के सोलराइजेशन पर भी जोर

सरकार सिर्फ घरेलू बिजली व्यवस्था ही नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। राज्य के 2,569 कृषि फीडरों को सोलराइज करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे खेती के लिए बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बिजली ढांचे को किया जा रहा मजबूत

ऊर्जा मंत्री ने दिल्ली में आयोजित 19वें पर्यावरण एवं ऊर्जा सम्मेलन में बिहार के बिजली क्षेत्र में हुए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में ग्रिड, उपकेंद्र और ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार के साथ बिजली का बुनियादी ढांचा लगातार मजबूत किया जा रहा है।

बढ़ती मांग के बीच आत्मनिर्भरता पर जोर

बिहार में बिजली की अधिकतम मांग करीब 9,475 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। सरकार बढ़ती जरूरत को देखते हुए उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था में निवेश बढ़ा रही है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि सौर ऊर्जा का विस्तार न केवल बिजली की जरूरत पूरी करने में मदद करेगा, बल्कि आने वाले समय में राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

0 comments:

Post a Comment