यूपी में बिछेगा मेट्रो का जाल, इन शहरों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मेट्रो और बड़ी सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की कवायद तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले प्रमुख अवस्थापना योजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो समेत कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

लखनऊ मेट्रो के काम में तेजी

बैठक में बताया गया कि लखनऊ मेट्रो के कॉरिडोर-1बी में डिटेल्ड डिजाइन कंसल्टेंट, डिपो, एलिवेटेड सेक्शन और लिफ्ट से जुड़े टेंडर जारी किए जा चुके हैं। वहीं भूमिगत हिस्से के तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है।

कानपुर और आगरा पर भी नजर

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 और 2 के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर की प्रगति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधिकारियों को लंबित काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

एलीवेटेड रोड का काम 65.50% पूरा

गौतमबुद्धनगर में चिल्ला-रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड परियोजना का करीब 65.50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सरकार का जोर परियोजनाओं में गुणवत्ता बनाए रखने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम आगे बढ़ाने पर है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से नियमित निगरानी करते हुए बाधित कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा, ताकि इन परियोजनाओं का लाभ आम लोगों को समय पर मिल सके।

0 comments:

Post a Comment