केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान, देशभर के छात्रों के लिए खुशखबरी! मिलेगा सीधा फायदा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने वंचित वर्गों के छात्रों को शिक्षा के बेहतर अवसर देने के लिए छात्रवृत्ति और शैक्षणिक सहायता योजनाओं का दायरा बढ़ाया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मुताबिक, इन योजनाओं में आर्थिक मदद के साथ आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया को भी ज्यादा पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है।

SC छात्रों को मिली 12,773 करोड़ रुपये की सहायता

मैट्रिक-पूर्व और मैट्रिक-पश्चात छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत अब तक 1.44 करोड़ से अधिक अनुसूचित जाति (SC) छात्रों को करीब 12,773 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं, OBC और EBC वर्ग के 1.01 करोड़ से अधिक छात्रों को 2,445.05 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति मिली है।

श्रेष्ठ योजना में दाखिले की प्रक्रिया बदली

छात्रों को समय पर स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए श्रेष्ठ (SHRESHTA) योजना की NETS परीक्षा से जुड़ा कार्यक्रम मई से दिसंबर तक किया गया है। इसका मकसद काउंसलिंग और एडमिशन में होने वाली देरी को कम करना है, ताकि चयनित छात्र तय शैक्षणिक सत्र में अपनी पढ़ाई शुरू कर सकें।

विदेशी छात्रवृत्ति में जांच हुई सख्त

राष्ट्रीय प्रवासी छात्रवृत्ति योजना में फर्जी दावों पर रोक लगाने के लिए शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से आय और जाति प्रमाण पत्रों के ऑन-द-स्पॉट सत्यापन की व्यवस्था लागू की गई है। संबंधित अधिकारियों से दस्तावेजों की पुष्टि कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि छात्रवृत्ति का लाभ वास्तव में पात्र उम्मीदवारों तक ही पहुंचे।

फेलोशिप में शिकायत के लिए 7 दिन

SC छात्रों की राष्ट्रीय फेलोशिप योजना में भी प्रक्रिया को बेहतर किया गया है। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से UGC-NET और संयुक्त CSIR-UGC NET के परिणाम जारी होने के बाद सात दिन की अनिवार्य शिकायत विंडो उपलब्ध होगी। इससे छात्रों को चयन प्रक्रिया में किसी गड़बड़ी या विसंगति की जानकारी समय पर देने का मौका मिलेगा।

सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि वंचित वर्गों के छात्रों के लिए शिक्षा तक पहुंच आसान बनाना और छात्रवृत्ति व्यवस्था को पारदर्शी व जवाबदेह बनाना है।

0 comments:

Post a Comment