यूपी के बुजुर्गों के लिए बड़ी खबर! अब नए तरीके से मिलेगी पेंशन, जानें क्या बदलेगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन लेने वाले बुजुर्गों के लिए भुगतान व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। नई व्यवस्था के तहत केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली पेंशन राशि को अलग-अलग दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। अभी दोनों हिस्सों की रकम एक साथ लाभार्थी के खाते में पहुंचती है।

60 से 79 वर्ष की उम्र के पात्र बुजुर्गों को फिलहाल 1,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती है। इसमें केंद्र सरकार का हिस्सा 200 रुपये और राज्य सरकार का योगदान 800 रुपये है। तीन महीने की किस्त में कुल 3,000 रुपये खाते में पहुंचते हैं।

वहीं, 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र लाभार्थियों के लिए केंद्र और राज्य सरकार 500-500 रुपये का योगदान करती हैं। इस तरह उन्हें भी कुल 1,000 रुपये मासिक पेंशन मिलती है। तीन महीने की किस्त में केंद्र और राज्य का हिस्सा 1,500-1,500 रुपये होता है।

करीब 67.5 लाख बुजुर्गों को मिल रहा लाभ

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में लगभग 67.5 लाख बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ ले रहे हैं। इनमें करीब 47 लाख लाभार्थियों की पेंशन में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी शामिल है। वहीं, केंद्र द्वारा निर्धारित संख्या से अधिक पात्र लाभार्थियों की पूरी पेंशन राज्य सरकार अपने संसाधनों से उपलब्ध कराती है।

पेंशन का भुगतान तीन महीने की अवधि के आधार पर किया जाता है। इसलिए लाभार्थियों के खाते में हर महीने 1,000 रुपये के बजाय एक साथ तीन महीने की 3,000 रुपये की राशि आती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही की किस्त भी इसी व्यवस्था के तहत भेजी जा रही है।

0 comments:

Post a Comment